Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

भाजपा राज्य में धार्मिक ध्रुवीकरण के लिए हिंसा करवाना चाहती है

कोटद्वार दीपक प्रकरण पर राहुल गांधी पर आरोप हास्यास्पद — सूर्यकांत धस्माना

देहरादून।


उत्तराखंड के पौड़ी जनपद स्थित कोटद्वार महानगर में गणतंत्र दिवस के दिन घटित घटनाक्रम को लेकर भाजपा सरकार और संगठन पर गंभीर आरोप लगाते हुए एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि राज्य में धार्मिक ध्रुवीकरण के उद्देश्य से सुनियोजित रूप से ऐसी घटनाएं करवाई जा रही हैं।

अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि कोटद्वार में कुछ अराजक तत्वों द्वारा एक मुस्लिम कपड़ा व्यापारी को उसके प्रतिष्ठान का नाम “बाबा ड्रेस” बदलने के लिए धमकाने और धार्मिक आधार पर डराने की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुस्लिम दुकानदार की मदद के लिए आगे आए दीपक कुमार और विजय रावत पर उल्टा मुकदमा दर्ज किया जाना और वास्तविक अराजक तत्वों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज करना साफ दर्शाता है कि यह सब भाजपा सरकार और भाजपा पार्टी के संरक्षण में हो रहा है।

श्री धस्माना ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा इस पूरे प्रकरण को लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर उत्तराखंड का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाना न केवल हास्यास्पद है, बल्कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत को भी चरितार्थ करता है।

उन्होंने कहा कि कोटद्वार प्रकरण में दीपक कुमार ने जो साहसिक भूमिका निभाई है, उसकी प्रशंसा राज्य ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया में हो रही है। राहुल गांधी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट दीपक कुमार की उसी बहादुरी की सराहना है, जिसमें उन्होंने देश के संविधान और “अनेकता में एकता” की भावना की रक्षा करते हुए अराजक तत्वों को हिंसा से रोकने का प्रयास किया।

सूर्यकांत धस्माना ने आगे कहा कि भाजपा सरकार और संगठन की नीतियों के कारण ही देश और राज्य में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों त्रिपुरा में छात्र एंजेल चकमा की नस्लीय टिप्पणी के बाद हत्या, विकासनगर में कश्मीरी मुस्लिम युवाओं पर जानलेवा हमला, पहलगाम आतंकी घटना का हवाला देकर नफरत फैलाना और अब कोटद्वार में “बाबा नाम” को लेकर विवाद—ये सभी घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि सत्ताधारी दल कुर्सी की राजनीति के लिए धार्मिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने अराजक तत्वों को खुली छूट दे रखी है, जिससे सामाजिक सौहार्द और शांति को गहरा नुकसान पहुंच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *