21 फरवरी से रेंजर ग्राउंड में सजेगा ‘दिव्य कला मेला’, दिव्यांग कलाकारों की प्रतिभा का होगा राष्ट्रीय संगम
21 फरवरी से रेंजर ग्राउंड में सजेगा ‘दिव्य कला मेला’, दिव्यांग कलाकारों की प्रतिभा का होगा राष्ट्रीय संगम
1 मार्च तक चलेगा भव्य आयोजन, अंतरराज्यीय भागीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रहेंगे आकर्षण का केंद्र
देहरादून, 19 फरवरी 2026


राजधानी देहरादून के रेंजर ग्राउंड में 21 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक ‘‘दिव्य कला मेला’’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह मेला भारत सरकार द्वारा संचालित National Handicapped Finance and Development Corporation के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
प्रदेश में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सीधे बाजार और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। मेले में प्रदेश के 13 जनपदों से दिव्यांगजन अपने उत्पादों और हस्तशिल्प कौशल का प्रदर्शन विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से करेंगे। इसके साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले दिव्यांग कलाकार एवं कारीगर भी अपनी कला और उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में केवल उत्पादों की प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि दिव्यांग कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो आकर्षण का केंद्र होंगे।
उन्होंने बताया कि देहरादून के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी मेले में सहभागिता करेंगे। इससे युवा वर्ग को दिव्यांगजनों की प्रतिभा, कौशल और आत्मनिर्भरता को निकट से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह आयोजन समाज में दिव्यांगजनों की क्षमताओं और उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मेला रोजगार सृजन के साथ-साथ सामाजिक समावेशिता और समान अवसरों की भावना को भी मजबूत करेगा।
