Munger

बिहार के इस जिले में बिजली रहेगी गुल, इन इलाकों में शटडाउन

मुंगेर, 16 मार्च।
बिहार के मुंगेर जिले के कई इलाकों में सोमवार को विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जिला प्रशासन के जनसंपर्क कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रिड और विभिन्न फीडरों के मेंटेनेंस कार्य के कारण अलग-अलग समय पर बिजली सप्लाई बंद रखी जाएगी।

प्रशासन के अनुसार पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक 11 केवी किला फीडर में मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इस दौरान किला फीडर से जुड़े सभी उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी, जिससे किला क्षेत्र में निर्धारित समय तक बिजली नहीं रहेगी।

इसके अलावा पूर्वाह्न 09:00 बजे से 11:30 बजे तक 33 केवी बिन्धवारा फीडर में भी मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान बिन्धवारा विद्युत शक्ति उपकेंद्र से संचालित पुरानीगंज, पुलिस लाइन, खोजाबाजार और मोकबीरा फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

वहीं 33/11 केवी साफियाबाद विद्युत शक्ति उपकेंद्र में भी पूर्वाह्न 09:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इसके कारण साफियाबाद, नयागांव, जुबलीवेल, पाटम और जमालपुर फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इससे जमालपुर बाजार, दौलतपुर, आशिकपुर, घरहरा बाजार, नयागांव, फुल्का, पाटम, जमालपुर, साफियाबाद, मुंगरौरा और इटहरी सहित कई क्षेत्रों में बिजली प्रभावित होगी।

इसके अतिरिक्त अपराह्न 01:00 बजे से 02:00 बजे तक 33/11 केवी डकरानाला विद्युत उपकेंद्र से संचालित सभी 11 केवी फीडरों में भी मेंटेनेंस किया जाएगा। इस दौरान गंगा, डकरा, भलार कृषि और बाहाचौकी फीडर की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी, जिससे हेरु दियारा, डकरानाला, हेमजापुर, बाहाचौकी, फरदा सहित आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली प्रभावित होगी।

विद्युत विभाग के अनुसार यह मेंटेनेंस कार्य बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने और भविष्य में तकनीकी समस्याओं को रोकने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से कर लें।