देहरादून में रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन कार्यों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
देहरादून में रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए सचिव, लोक निर्माण विभाग पंकज पाण्डेय ने जिलाधिकारी सविन बंसल एवं जिला प्रशासन की टीम के साथ व्यापक निरीक्षण किया।
सचिव लोनिवि ने प्रातः 6 बजे से शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दिलाराम चौक, हाथी बड़कला, साई मंदिर, नागल रोड, कैनाल रोड, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल, दून विश्वविद्यालय क्षेत्र, आईएसबीटी, शिमला बाईपास सहित कई स्थानों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ स्थानों पर कार्य अधूरा और मानकों के अनुरूप नहीं मिला। कई जगहों पर सड़क पर मलबा पड़ा होने से आवागमन में बाधा की स्थिति भी सामने आई।
इस पर सचिव पंकज पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय तय शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद सड़क का गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन और मलबे का शीघ्र निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा और नियमों का पालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की क्यूआरटी को भी निर्देश दिए गए कि ऐसे कार्यों की लगातार निगरानी रखी जाए और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि विकास कार्यों के लिए रोड कटिंग की अनुमति निर्धारित मानकों और समयसीमा के आधार पर दी जाती है। इसके लिए रोड कटिंग समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब किसी भी एजेंसी को एक समय में केवल 2-3 स्थानों पर ही रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि 15 से 21 दिनों के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा, इसके बाद ही नए कार्यों की अनुमति दी जाएगी। सभी संबंधित एजेंसियों से शपथ पत्र लिया गया है, जिसमें शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई का प्रावधान है।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार, अधिशासी अभियंता ओपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
