Uttrakhand

2027 चुनाव से पहले यूकेडी ने तेज किया जनसंपर्क अभियान, चंद्रबनी में सदस्यता अभियान आयोजित

2027 चुनाव से पहले यूकेडी ने तेज किया जनसंपर्क अभियान, चंद्रबनी में सदस्यता अभियान आयोजित

“हर घर चर्चा – हर घर पर्चा” के जरिए घर-घर पहुंच रही पार्टी, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर फोकस

देहरादून
उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। जहां एक ओर राष्ट्रीय दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं, वहीं क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) भी संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है।

इसी क्रम में देहरादून के वार्ड नंबर 19 चंद्रबनी क्षेत्र में यूकेडी द्वारा सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और क्षेत्रीय मुद्दों पर पार्टी के साथ जुड़ने का भरोसा जताया।

कार्यक्रम के दौरान यूकेडी ने अपने विशेष अभियान “हर घर चर्चा – हर घर पर्चा” को भी आगे बढ़ाया। इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और पार्टी की नीतियों, उद्देश्यों तथा उत्तराखंड के मूल निवासियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

यह अभियान महानगर उपाध्यक्ष अनिल भंडारी के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष प्रवीण चंद रमोला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि केंद्रीय महामंत्री एडवोकेट किरन रावत विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन वार्ड अध्यक्ष किशोर बहुगुणा ने किया।

अभियान के अंतर्गत कैलाशपुर, पित्थूवाला, अमर भारती, भूत्तोवाला, चोयला और पट्टियोंवाला क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क किया गया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पर्चे वितरित किए और लोगों को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया।

इस मौके पर पछवादून जिला अध्यक्ष जीतेन्द्र पंवार, पुष्पा भंडारी, महानगर महामंत्री राजीव नौटियाल, आनंद भट्ट, कृष्ण डोंडीयाल, केंद्रीय संगठन मंत्री विपिन चंद्र प्रकाश भट्ट, पछवादून उपाध्यक्ष नीरज सती, उत्तम सिंह (सैनिक प्रकोष्ठ, सेलाकुई) सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

यूकेडी का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।