दिव्यांग बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक, देहरादून में टैलेंट प्रतियोगिता संपन्न
दिव्यांग बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक, देहरादून में टैलेंट प्रतियोगिता संपन्न
हर्षल फाउंडेशन के आयोजन में 150 से अधिक बच्चों की भागीदारी, मंत्री सुबोध उनियाल रहे मुख्य अतिथि
**देहरादून
देहरादून में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित टैलेंट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हर्षल फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम आईआरडीटी ऑडिटोरियम में हुआ, जहां बच्चों ने अपने हुनर से सभी का दिल जीत लिया।
इस प्रतियोगिता में करीब 150 से अधिक दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया, जिनमें से 70 प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, काव्य पाठ, स्टैंड-अप कॉमेडी और नाटक जैसी विधाओं में शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के बच्चों के साथ-साथ कई प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत रूप से भी हिस्सा लिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समावेशिता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों में अपार क्षमता होती है और उन्हें केवल सही मंच और अवसर की जरूरत है।
संस्था की अध्यक्ष रमा गोयल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि हर्षल फाउंडेशन भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में रुचि भट्ट, विनोद उनियाल, अशोक वर्मा, गीता राम गौड़, विनय रोहिल्ला, विश्वास डावर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
वहीं ब्रिगेडियर के. जी. बहल और जस्टिस राजेश टंडन की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
यह आयोजन एक सकारात्मक संदेश देकर गया कि सही मंच और प्रोत्साहन मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।
