असम राइफल्स का 191वां स्थापना दिवस देहरादून में धूमधाम से मनाया, वीर नारियों का सम्मान
असम राइफल्स का 191वां स्थापना दिवस देहरादून में धूमधाम से मनाया, वीर नारियों का सम्मान
पूर्व सैनिकों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, उत्कृष्ट पूर्व सैनिकों को किया गया सम्मानित
देहरादून | 24 मार्च 2026
असम राइफल्स के 191वें स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित जे.पी. प्लाजा वेडिंग स्थल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे संगठन के पैट्रोन एवं पूर्व कमांडेंट आर.एस. नेगी द्वारा संपन्न कराया गया।

अरेसा केंद्र देहरादून के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में पूर्व सैनिकों ने अपनी गौरवशाली परंपराओं को याद करते हुए स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर की गई।
संगठन के सचिव अशोक नेगी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर श्रीमती गौरी ठाकुर (धर्मपत्नी स्व. पूर्व कमांडेंट ओम प्रकाश) सहित संगठन के अध्यक्ष पूर्व सूबेदार मेजर बलवंत सिंह, धर्मगुरु सुधीर चंद्र बौंठियाल, पूर्व सूबेदार बलवीर सिंह, नायब सूबेदार राजेंद्र प्रसाद जोशी और पैट्रोन आर.एस. नेगी ने अपने संबोधन में असम राइफल्स की गौरवशाली उपलब्धियों को याद करते हुए पूर्व सैनिकों को बधाई दी।
समारोह में वीर नारियों — श्रीमती राधा देवी, श्रीमती सुमित्रा देवी, श्रीमती मुन्नी देवी बिष्ट और श्रीमती लक्ष्मी देवी रावत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, पूर्व सैनिक हवलदार थान सिंह को अरेसा उत्तराखंड की ओर से “सर्वोत्तम पूर्व सैनिक पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सूबेदार मेजर पी.एल. आर्य, सूबेदार बेलम सिंह, हवलदार कांता सिंह भंडारी सहित कई पूर्व सैनिक एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में कुल 1 अधिकारी, 4 वीर नारियां, 14 मातृशक्ति एवं 52 अन्य पूर्व सैनिक शामिल हुए।
अंत में ग्रुप फोटो सेशन, मिष्ठान वितरण और “भारत माता की जय”, “दुर्गा माता की जय” एवं “असम राइफल्स की जय” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

