दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच: ऋषिकेश में बन रहा राज्य का पहला आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल
देहरादून, 03 अप्रैल 2026:
उत्तराखण्ड में पहली बार दिव्यांगजनों के लिए विशेष खेल सुविधा विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ऋषिकेश में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह पहल जिला प्रशासन देहरादून द्वारा जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में की जा रही है।

इस परियोजना के तहत दिव्यांगजनों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इंडोर हॉल तैयार किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) मद से कुल 62.67 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
प्रशासन द्वारा पहले चरण में 25.41 लाख रुपये की राशि नगर निगम ऋषिकेश को जारी की जा चुकी है, जिससे निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। वहीं, संशोधित आकलन के आधार पर शेष 37.26 लाख रुपये की धनराशि को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
इस इंडोर बैडमिंटन हॉल के निर्माण से उन मेधावी दिव्यांग खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा, जो अब तक संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा को सामने नहीं ला पा रहे थे। यह सुविधा उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। यह परियोजना न केवल उनके शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द दिव्यांगजन इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
