Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

गैस संकट पर कांग्रेस का हमला, पर्यटन पर पड़ रहा असर: गणेश गोदियाल

गैस संकट पर कांग्रेस का हमला, पर्यटन पर पड़ रहा असर: गणेश गोदियाल

चार धाम यात्रा और होटल कारोबार प्रभावित होने की आशंका, सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

Oplus_16908288

देहरादून
भारत केसरी
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि यदि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है, तो सरकार को इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। वर्तमान स्थिति आम जनता के साथ-साथ पर्यटन उद्योग के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है।

चार धाम यात्रा का जिक्र करते हुए गोदियाल ने कहा कि बड़ी संख्या में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन निरस्त होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है।

कुमाऊं मंडल में भी पर्यटन गतिविधियों पर असर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि होटल और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को समय पर गैस आपूर्ति नहीं मिलने से व्यापक आर्थिक प्रभाव पड़ सकता है।

गोदियाल ने राज्य सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति को तुरंत सुचारु किया जाए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए।

साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के दौरान आम जनता को यह भरोसा दिलाया जाना चाहिए कि देश में गैस और ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।