Chardham Yatra 2026Uttrakhand

चारधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 10 दिन में 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून, उत्तराखंड में चारधाम यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा के पहले दस दिनों में ही चार लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र धामों के दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर यात्रा का लाभ उठा रहे हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 की शाम 7 बजे तक कुल 4,08,401 श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। इनमें सर्वाधिक 2,07,452 श्रद्धालुओं ने श्री केदारनाथ धाम में दर्शन किए, जबकि श्री बद्रीनाथ धाम में कपाट खुलने के छह दिनों में 84,942 श्रद्धालु पहुंचे। यमुनोत्री धाम में 57,794 और गंगोत्री धाम में 57,863 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।

इसके अतिरिक्त गौमुख में अब तक 440 यात्री पहुंच चुके हैं। वहीं, इस यात्रा सीजन में अब तक 64,115 वाहन श्रद्धालुओं को लेकर चारधाम पहुंचे हैं।

यात्रा मार्गों और प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ किया गया है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने वालों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रा की पवित्रता और व्यवस्था बनी रहे।

सरकार का कहना है कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

Oplus_16908288