देहरादून में जनता दरबार: 163 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
देहरादून में जनता दरबार: 163 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
देहरादून, 04 मई 2026 , भारत केसरी
देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान देखने को मिला। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर आयोजित इस जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने की।

जनता दरबार में भूमि विवाद, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, मारपीट, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी कुल 163 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
देवपुरम कॉलोनी के निवासियों ने सीवर लाइन के निकासी मार्ग पर अवैध निर्माण से हो रही परेशानी की शिकायत की। इस पर तहसीलदार को तत्काल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं गीतांजलि एन्क्लेव के लोगों ने अधूरे विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताई, जिस पर संबंधित विभागों को जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा गया।
जनसुनवाई में संवेदनशील मामलों पर भी प्रशासन ने तत्परता दिखाई। भववंतपुर की विधवा मंजू ममगाई और गांधी रोड निवासी इल्मा द्वारा बेटियों की फीस माफी की मांग पर ‘नंदा सुनंदा योजना’ के तहत सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा एक बुजुर्ग महिला द्वारा पुत्र पर बेदखल करने और धोखाधड़ी का आरोप लगाने पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। महिला उत्पीड़न के एक मामले में भी पुलिस को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनता दरबार में बैंक अनियमितता, भूमि फर्जीवाड़ा, जमीन धोखाधड़ी और अतिक्रमण से जुड़े कई अन्य मामले भी सामने आए, जिन पर अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, विभिन्न उपजिलाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
