“ऑपरेशन प्रहार: कांग्रेस पदाधिकारी का पीए बनकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना गिरफ्तार”
“ऑपरेशन प्रहार: कांग्रेस पदाधिकारी का पीए बनकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना गिरफ्तार”
देहरादून | 04 मई 2026 भारत केसरी


देहरादून पुलिस को “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर पुलिस ने खुद को राष्ट्रीय राजनीतिक दल के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गौरव कुमार उर्फ कनिष्क सिंह (42 वर्ष), निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
मामला उस समय सामने आया जब एक महिला जनप्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलाने और सर्वे कराने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग की। 13 अप्रैल 2026 को आरोपी के एक साथी ने देहरादून के जाखन स्थित उनके आवास से नकदी ले ली, जिसके बाद आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गूगल और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए राजनीतिक दलों के नेताओं और उनके करीबी लोगों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद वह खुद को बड़े नेता का निजी सचिव बताकर पद और टिकट दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस ने आरोपी को जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह अपने साथियों छज्जू, रजत मदान और मनिंदर सिंह कालू के साथ मिलकर कई राज्यों में ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
राजस्थान के जयपुर में उसने दो नेताओं से करीब 2 करोड़ रुपये और बिहार के पटना में एक नेता से 3 लाख रुपये ठगे थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और एक डोंगल बरामद किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पुलिस अन्य राज्यों में भी इसकी कड़ियां खंगाल रही है।
