देहरादून को मिला नया डीएम: डॉ. आशीष चौहान ने संभाली कमान, जनहित और सुशासन पर रहेगा फोकस
देहरादून :
भारत केसरी
देहरादून को नया डीएम मिल गया है। आईएएस डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी संभाल ली। वहीं पूर्व डीएम सविन बंसल का सचिवालय में तबादला कर दिया गया है। सविन बंसल को उनके जनहितकारी कार्यों और संवेदनशील प्रशासनिक शैली के लिए याद किया जा रहा है। उनके विदाई समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने भावुक होकर उन्हें विदा किया।

सविन बंसल के कार्यकाल में ‘नंदा-सुनंदा’ जैसी पहलें चर्चा में रहीं। बालिकाओं की शिक्षा, भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने वाले बच्चों के पुनर्वास, जनसुनवाई और त्वरित शिकायत निस्तारण जैसे कार्यों ने उन्हें “पीपुल्स एडमिनिस्ट्रेटर” की पहचान दिलाई।
अब देहरादून की कमान संभालने वाले 2012 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. आशीष चौहान अपनी तकनीक आधारित और जनकेंद्रित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कोषागार का निरीक्षण किया और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने व पेंशनरों के डिजिटल सत्यापन पर जोर दिया।
नए जिलाधिकारी ने साफ कहा कि उनकी प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से आम जनता तक पहुंचाना होगी। इसके साथ ही चारधाम यात्रा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
डॉ. आशीष चौहान इससे पहले पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और पौड़ी जैसे जिलों में डीएम रह चुके हैं। पौड़ी में उनके नेतृत्व में शुरू किया गया ‘सेफ सफर ऐप’ सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल माना गया। वहीं ‘काव्या ऐप’ के जरिए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी कर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने की दिशा में काम किया गया।
पर्यटन विकास के क्षेत्र में भी उन्होंने कई नवाचार किए। पौड़ी में विकसित हो रहा ‘त्रिशूल पार्क’ उनकी दूरदर्शी सोच का उदाहरण माना जा रहा है।
अब देहरादून में भी जनता को डॉ. आशीष चौहान से पारदर्शी, तकनीक आधारित और संवेदनशील प्रशासन की उम्मीदें हैं।

