Special Task ForceUttrakhand

लालच में न फंसें! STF की चेतावनी- फर्जी FD, RD और क्रिप्टो स्कीमों से बचें, वरना गंवा सकते हैं जीवनभर की कमाई

देहरादून। भारत केसरी 

उत्तराखंड एसटीएफ ने प्रदेशवासियों को फर्जी निवेश योजनाओं, अवैध एफडी-आरडी स्कीमों, मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM), पोंजी स्कीम और क्रिप्टो निवेश के नाम पर हो रही धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी है। एसटीएफ ने कहा है कि कई कंपनियां और संस्थाएं अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये जमा करवा रही हैं और बाद में फरार हो जा रही हैं।

एसटीएफ के अनुसार प्रदेश में ऐसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिनमें कुछ कंपनियां एफडी, आरडी, ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर लोगों को बड़े रिटर्न का सपना दिखाकर ठगी कर रही हैं। इसलिए किसी भी संस्था में पैसा निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता, पंजीकरण और नियामक संस्थाओं से मिली अनुमति की जांच अवश्य कर लें।

 

एसटीएफ ने स्पष्ट किया कि केवल वही गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFC) जनता से धन जमा कर सकती हैं, जिन्हें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से वैध अनुमति प्राप्त हो। निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी का पंजीकरण और अधिकृत स्थिति आरबीआई की वेबसाइट पर जांची जा सकती है।

 

एसटीएफ ने लोगों को मनी सर्कुलेशन, पिरामिड स्कीम, पोंजी स्कीम और अत्यधिक ब्याज या कम समय में पैसा दोगुना करने का दावा करने वाली योजनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में धोखाधड़ी की संभावना सबसे अधिक होती है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध निवेश योजना, फर्जी कंपनी, अनधिकृत वित्तीय गतिविधि या ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, साइबर थाना अथवा एसटीएफ की फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट को दें।

 

एसटीएफ का कहना है कि निवेश से पहले सतर्कता ही आपकी पूंजी की सबसे बड़ी सुरक्षा है। अधिक लाभ के लालच में बिना जांच-पड़ताल किए निवेश करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।