धीमी प्रगति पर डीएम का बड़ा एक्शन, यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोका”
देहरादून में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान का सख्त एक्शन देखने को मिला है। अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के कार्यों में लापरवाही और देरी पर डीएम ने यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पांच दिनों के भीतर कार्य पूरा करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।
गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड और सहारनपुर चौक तक यूपीसीएल द्वारा चलाए जा रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति और पर्याप्त मैनपॉवर व मशीनरी नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम ने पाया कि कई स्थानों पर सड़क की खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल मलबा और निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को निर्देशित किया कि 500-500 मीटर के पैच बनाकर प्रत्येक स्थान पर पर्याप्त मशीनरी और श्रमिक लगाए जाएं तथा आगामी पांच दिनों के भीतर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि रोड कटिंग समिति की अनुमति शर्तों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यों में लगातार देरी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
डीएम ने कहा कि कार्य पूर्ण होते ही सड़कों को पुनर्स्थापन के लिए लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाए ताकि मरम्मत कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गैस पाइपलाइन कार्यों की भी समीक्षा की और गैल को अनुमति शर्तों के अनुसार कार्य पूरा कर सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
वहीं लोक निर्माण विभाग को मानसून से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान
“जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करें।”
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने साफ किया है कि जनता से जुड़े विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

