राहुल गांधी के जन्मदिवस पर रायपुर विधानसभा में सद्भावना एवं जनकल्याण भंडारे का आयोजन
राहुल गांधी के जन्मदिवस पर रायपुर विधानसभा में सद्भावना एवं जनकल्याण भंडारे का आयोजन
देहरादून। भारत केसरी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर रायपुर विधानसभा क्षेत्र के तपोवन स्थित काली मंदिर में सद्भावना एवं जनकल्याण भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि आयोजन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां काली की पूजा-अर्चना और भोग अर्पित कर की गई। इस दौरान राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राहुल गांधी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आमजन एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन और जूस वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जन्मदिवस मनाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव, भाईचारे और जनकल्याण का संदेश पहुंचाना भी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी आज देश में सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और समानता की सबसे मुखर आवाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके जन्मदिवस को जनसेवा के माध्यम से मनाना उनके विचारों और संघर्षों को सम्मान देने जैसा है।
वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अवसर और न्याय पहुंचाना है। इसी सोच के अनुरूप सद्भावना एवं जनकल्याण भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें प्रदेश सचिव प्रवीन त्यागी, पार्षद महेंद्र सिंह रावत, अमित भंडारी, रॉबिन त्यागी, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी जनहित, सामाजिक सरोकार और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा।
