रोहित शर्मा, अलका याग्निक और शिबू सोरेन समेत 65 हस्तियों को पद्म सम्मान
नई दिल्ली। भारत केसरी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक सम्मान समारोह में देश की विभिन्न क्षेत्रों की 65 विशिष्ट हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।

समारोह में खेल, कला, साहित्य, शिक्षा, समाज सेवा और जन-सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मान प्रदान किया गया।
https://x.com/rashtrapatibhvn
प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याग्निक, अभिनेता ममूटी, टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज सहित कई हस्तियों को सम्मानित किया गया। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया, जिसे उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था।
समारोह में अभिनेता आर. माधवन, अभिनेता सतीश शाह (मरणोपरांत), समाज सेविका बुधरी ताती, वैज्ञानिक चंद्रमौली गड्डमानुगु और कई अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री श्रेणियों में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

