निहंग विवाद पर भाजपा का कड़ा रुख, कहा- देवभूमि का माहौल खराब करने की किसी को इजाजत नहीं
देहरादून, भारत केसरी
। उत्तराखंड में निहंग विवाद को लेकर भाजपा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसके लिए राजनीति और चुनाव से कहीं अधिक महत्वपूर्ण प्रदेश का भाईचारा, अमन और सामाजिक सौहार्द है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि पूरे प्रदेश में शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है, लेकिन कुछ विपक्षी दल इस संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीतिक लाभ-हानि तलाशने में जुटे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण विपक्ष माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों के प्रति नरम रुख अपनाता दिखाई दे रहा है।

मनवीर चौहान ने कहा कि इस पूरे विवाद के पीछे कुछ बाहरी और स्थानीय राजनीतिक ताकतों की भूमिका होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके कुछ नेता और उत्तराखंड में अप्रासंगिक हो चुके कुछ राजनीतिक दल मिलकर राज्य का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि समाज के सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधियों या बयानबाजी से बचें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की एकता और सद्भाव बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उत्तराखंड में किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या संगठन राज्य विरोधी अथवा देश विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाजपा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करते हुए प्रदेश में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

