अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर रायपुर में निकली मशाल यात्रा, अवैध नशा कारोबार के खिलाफ कांग्रेस ने उठाई आवाज
देहरादून। भारत केसरी
अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर रायपुर विधानसभा क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के विरोध और जनजागरूकता के उद्देश्य से “नशा मुक्त जनजागरूकता मशाल यात्रा” का आयोजन किया गया। उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह की उपस्थिति तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू) के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, कांग्रेस पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

मशाल यात्रा के दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार से अभिभावकों और आम नागरिकों में चिंता बढ़ रही है तथा समय रहते इस पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि युवाओं के हाथों में नशे का जहर नहीं बल्कि शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए और समाज को इस बुराई के खिलाफ एकजुट होना होगा।
उन्होंने कहा कि यह मशाल यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में जनजागरण का अभियान है। कांग्रेस ने प्रशासन से रायपुर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध नशे के कारोबार को समाप्त करने की भी अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और “नशा मुक्त रायपुर – सुरक्षित युवा, सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश सचिव सूरत सिंह नेगी, विनीत डोभाल, पार्षद अमित भंडारी, रॉबिन त्यागी, सुलेमान अली, अनिल उनियाल, ललित थपलियाल, विक्टर थॉमस, एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को ज्ञापन सौंपकर रायपुर क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
