लैंसडाउन पहुंची कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा, हरक सिंह और धस्माना ने भाजपा पर बोला हमला
लैंसडाउन: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की राज्यव्यापी ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ मंगलवार को पौड़ी जिले की लैंसडाउन विधानसभा पहुंची। हिंदू पंचायती धर्मशाला में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर जमकर निशाना साधते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों में भाजपा सरकार और लैंसडाउन के विधायक जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बदहाल है तथा भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और पेपर लीक जैसे मामलों ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
धस्माना ने लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर की गई कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए भाजपा से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक का अपमान है।
पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के विकास को प्रभावित किया है और अब जनता बदलाव चाहती है।
जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लैंसडाउन क्षेत्र में ग्रामीणों पर जंगली जानवरों के हमले बढ़े हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और किसानों की समस्याओं की अनदेखी का भी आरोप लगाया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने “परिवर्तन संकल्प पत्र” का भी लोकार्पण किया। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय, युवाओं को रोजगार, अग्निवीर योजना की समीक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने, पलायन रोकने, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर अंकुश और उत्तराखंड के समग्र विकास जैसे प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश महासचिव रघुवीर बिष्ट, सैन्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामरतन सिंह नेगी, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष रश्मि पट्टवाल, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रांत खंतवाल, रवींद्र नेगी, सुरेंद्र बिष्ट, नगर अध्यक्ष रौशन शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
