उत्तराखंड में शुरू हुई ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना, मजदूरी बढ़कर ₹300 प्रतिदिन, रोजगार गारंटी 125 दिन
देहरादून: केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका योजना ‘विकसित भारत–जी राम जी’ का गुरुवार को देशभर में औपचारिक शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया, जिसका सीधा प्रसारण सभी राज्यों और जिलों में किया गया।

उत्तराखंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन देहरादून जिले के सहसपुर विकासखंड कार्यालय परिसर में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने की। इस दौरान योजना से जुड़े श्रमिक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्राम्य विकास विभाग के सचिव धीराज गर्ब्याल ने योजना के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका को मजबूत करने और स्थानीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि नई योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना, मनरेगा के उन्नत स्वरूप के रूप में लागू की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही रोजगार की गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अनुमन्य कार्यों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले मनरेगा में 266 प्रकार के कार्य शामिल थे, जिन्हें अब बढ़ाकर 318 कार्य कर दिया गया है। इनमें 107 जल संरक्षण, 88 ग्रामीण आधारभूत अवसंरचना, 86 ग्रामीण आजीविका तथा 37 आपदा न्यूनीकरण से जुड़े कार्य शामिल किए गए हैं। साथ ही कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वर्ष में 60 दिन कृषि कार्यों के लिए आरक्षित किए जाएंगे, जिनके दौरान योजना के अन्य कार्य नहीं कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम्य विकास विभाग की आयुक्त अनुराधा पाल ने योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के बाद ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी और विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने ग्राम पंचायत सहसपुर में वृक्षारोपण कर ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना के तहत अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर प्रमुख क्षेत्र पंचायत सहसपुर अर्चना रावत, प्रमुख क्षेत्र पंचायत कालसी सावित्री चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उपायुक्त ग्राम्य विकास ए.के. राजपूत, राज्य समन्वयक सुधा तोमर, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, विभिन्न विकासखंडों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
