CRIME NEWSUttrakhand

24 घंटे में चमोली पुलिस का बड़ा खुलासा, ₹8 लाख की चोरी गई बिजली सामग्री बरामद; 4 आरोपी गिरफ्तार

चमोली: चमोली पुलिस ने बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी के मामले में महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग ₹8 लाख मूल्य की चोरी गई सामग्री की शत-प्रतिशत बरामदगी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लोडर वाहन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को टी.एस. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार (निवासी जमुई, बिहार) ने कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरडीएसएस (RDSS) परियोजना के तहत कर्णप्रयाग क्षेत्र के नौटी, पुडियाणी और जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए रखी गई करीब 1100 मीटर पीवीसी (A.B.C.) केबल, 3-4 कुंतल एल्युमीनियम वायर और हार्डवेयर सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच के साथ विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान देर रात एक संदिग्ध छोटा हाथी (लोडर) वाहन की आवाजाही सामने आई।

इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौचर पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से चोरी गई पूरी सामग्री बरामद कर ली गई और मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • मो. दानिश (23), निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
  • चांद मोहम्मद (20), निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
  • फरमान (30), निवासी संभल, उत्तर प्रदेश
  • सुएब (23), निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश

बरामद सामान

  • 08 बंडल पीवीसी (A.B.C.) केबल
  • 07 बंडल एल्युमीनियम वायर
  • 04 कट्टे हार्डवेयर एसेसरीज
  • घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी लोडर (UP 14 ST 4911)

बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹8 लाख बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक विजय जखमोला, अपर उपनिरीक्षक गणेश कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हनुमंत और कांस्टेबल सुशील कुमार।