मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को 4.39 करोड़ रुपये जारी, मंत्री रेखा आर्या ने किया DBT
देहरादून: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि जारी की। यह राशि अप्रैल, मई और जून 2026 की किस्त के रूप में लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।

कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के जरिए धनराशि हस्तांतरित करने के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत वर्ष 2020 से उन बच्चों को प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया था।
उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी। मंगलवार को अप्रैल 2026 के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1 करोड़ 47 लाख 51 हजार रुपये, मई 2026 के लिए 4,879 लाभार्थियों को 1 करोड़ 46 लाख 37 हजार रुपये तथा जून 2026 के लिए 4,848 लाभार्थियों को 1 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से जारी किए गए।
मंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ तब तक मिलता है, जब तक लाभार्थी 21 वर्ष की आयु पूरी नहीं कर लेता। वहीं, बालिका लाभार्थियों के विवाह या किसी लाभार्थी के रोजगार प्राप्त करने के बाद उसे योजना से बाहर कर दिया जाता है।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
