ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस का सत्यापन अभियान तेज, 1000 से ज्यादा बाहरी लोगों की जांच; 52 मकान मालिकों पर ₹5.20 लाख जुर्माना
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में सत्यापन अभियान लगातार जारी है। रविवार को पुलिस ने पटेलनगर, विकासनगर, रानीपोखरी और सेलाकुई थाना क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर 1000 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इस दौरान किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 52 मकान मालिकों पर कुल 5.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अलग-अलग टीमों ने बाहरी राज्यों और जनपदों से आकर रह रहे किराएदारों, फड़, फेरी एवं ठेली संचालकों सहित अन्य बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। अभियान में 1000 से अधिक लोगों के दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन किया गया।
सत्यापन नहीं कराने वाले 52 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत चालान करते हुए 5 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 28 व्यक्तियों को थाने लाकर उनकी पहचान और पता सत्यापित किया गया। इनके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
देहरादून पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में बाहरी व्यक्तियों, किराएदारों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान आगे भी पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
