देहरादून पुलिस ने बरामद किए 5 खोए हुए मोबाइल, मालिकों को लौटाकर बिखेरी मुस्कान
देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में आमजन की सहायता के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली डालनवाला पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से पांच गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के संचार सारथी (CEIR) पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की ट्रेसिंग और बरामदगी का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलते ही संबंधित मोबाइल को सीईआईआर पोर्टल पर ब्लॉक एवं ट्रेसिंग के लिए पंजीकृत किया जाता है।
इसी क्रम में 14 जुलाई 2026 को कोतवाली डालनवाला की पुलिस टीम ने विभिन्न कंपनियों के पांच मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर सभी मोबाइल स्वामियों ने दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कार्यशैली की सराहना करते हुए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।
दून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से समय रहते मोबाइल की ट्रेसिंग और बरामदगी की कार्रवाई की जा सके।
