Uttrakhand

हरेला पर सतपाल महाराज का पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, देवपुरा नगर वन में किया पौधारोपण

हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला-2026 के अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने देवपुरा स्थित नगर वन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वन विभाग हरिद्वार और ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जैसे एक बीज या पौधे की देखभाल कर उसे विशाल वृक्ष बनाया जाता है, उसी तरह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य को भी संवारना हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं के साथ इस अभियान को जोड़कर राज्य को और अधिक हरित एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र आज वैश्विक चुनौती हैं, ऐसे में हरेला जैसे अभियान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।

महाराज ने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है। इसलिए शहर को स्वच्छ, हराभरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। समाज और सरकार के संयुक्त प्रयासों से ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण संभव होगा।

कार्यक्रम में हरिद्वार की मेयर श्रीमती किरण, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, ओम प्रकाश, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविन्द्रपुरी, गढ़वाल कमिश्नर आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, डीएफओ अनिरुद्ध, एडीएम जितेन्द्र, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, आशु चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम खुल्ला, जगदीश लाल पाहवा, प्रमोद शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।