मेधावी छात्र ही उत्तराखंड और देश का उज्ज्वल भविष्य: रेखा आर्या
रुद्रपुर।
उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से मिलती है और इन्हीं मूल्यों के बल पर जीवन में निरंतर सफलता हासिल की जा सकती है।

मंगलवार को रुद्रपुर के होटल सोनिया सभागार में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संस्था की सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में निभाई जा रही भूमिका की भी सराहना की।
उन्होंने सम्मानित छात्र-छात्राओं से कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। अब उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए और अपनी प्रतिभा से उत्तराखंड तथा देश का नाम रोशन करना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का भी गौरव हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि हर सफलता के पीछे परिवार के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है।
समारोह में उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में अपने-अपने विद्यालयों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी, प्रिया शर्मा, केवल बत्रा, विकास बत्रा, सुधांशु गाबा, सुभाष अरोड़ा, मोहित राय, मनोज खेड़ा, अमित बांगा, मोहित बत्रा, रितेश मनोला, राजेश कामरा, पवन गाबा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
