DEHRADUN

स्कूलों में स्वच्छता का पाठ, नगर निगम ने सिखाया हाथ धोने का सही तरीका

देहरादून। भारत केसरी

नगर निगम देहरादून द्वारा चलाए जा रहे “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” के तहत गुरुवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों में “स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता दिवस” मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही विधि और संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशन में 20 से 25 जुलाई तक चल रहे इस अभियान के तहत मुख्य सफाई निरीक्षक (CSI) और सफाई निरीक्षकों (SI) ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हैंड वॉश डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से हाथ धोने का सही तरीका सिखाया गया। साथ ही डायरिया, मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

नगर निगम की टीम ने छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और परिवार व समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।

 

नगर निगम देहरादून ने बताया कि 20 से 25 जुलाई तक चल रहे इस अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून के लक्ष्य को साकार किया जा सके।