रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने मातृशक्ति से लिया आशीर्वाद, महिलाओं को दी रोडवेज में मुफ्त यात्रा की सौगात
देहरादून।
भारत केसरी
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत कर मातृशक्ति के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति से मिल रहा स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यही उन्हें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा के लिए निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि नारी सम्मान और समाज में महिलाओं की भूमिका को याद करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वही समाज वास्तव में समृद्ध और संस्कारित बनता है।
धामी ने उत्तराखंड की महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति ने हमेशा संघर्ष को अपनी शक्ति बनाया है। परिवार से लेकर समाज और प्रदेश के विकास तक महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने महिला आरक्षण, शौचालय निर्माण और तीन तलाक जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ लिए गए निर्णयों को महिला अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये महिलाएं अपने परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। साथ ही समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और समान न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए विशेष घोषणा करते हुए कहा कि 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाएं निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे महिलाएं रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में आयोजित कार्यक्रम में आयोजक जोगिंदर सिंह पुंडीर, उत्तराखंड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
वहीं सर्वे स्टेडियम, हाथीबड़कला में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
