Uttrakhand

बड़कोट महाविद्यालय को PG स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग, उच्च शिक्षा मंत्री से मिले छात्र प्रतिनिधि

देहरादून। भारत केसरी

राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को स्नातकोत्तर यानी PG स्तर तक उच्चीकृत करने सहित छात्र-छात्राओं की चार प्रमुख मांगों को लेकर एबीवीपी और छात्र संघ पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मंत्री को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने स्व. राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को जल्द PG स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग प्रमुखता से रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यह मांग पहले भी सरकार के समक्ष उठाई जा चुकी है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।

 

ज्ञापन में महाविद्यालय से जुड़ी चार प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें महाविद्यालय को PG स्तर तक उच्चीकृत करना, डांडा गांव छानी से महाविद्यालय तक सड़क निर्माण की स्वीकृति, महाविद्यालय की चहारदीवारी से संबंधित भूमि विवाद का शीघ्र निस्तारण और छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए नियमित बस सेवा शुरू करना शामिल है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री को बताया कि बड़कोट नगर क्षेत्र से करीब 9 किलोमीटर दूर स्थित महाविद्यालय तक सीमित परिवहन व्यवस्था के कारण विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। सड़क और नियमित बस सेवा की समस्या के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए महाविद्यालय के PG स्तर तक उच्चीकरण सहित छात्र हितों से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि बड़कोट महाविद्यालय का उच्चीकरण क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनके क्षेत्र के आसपास ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध हों। छात्र-छात्राओं की जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया जाता रहेगा।

 

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष भारत रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश रावत और अतोल रावत, ग्राम प्रधान नगाणगांव हरदेव चौहान, कालिंदी मंडल अध्यक्ष प्रवीण असवाल, महामंत्री तरवीन राणा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष सिंह पंवार, छात्र नेता सम्पन्न बहुगुणा, उज्ज्वल जुड़ियाल, रोहित सौरभ, आयुष सहित एबीवीपी एवं छात्र संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।