CRIME NEWSDEHRADUN

भारी बारिश में दून पुलिस की ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’, 700 से अधिक लोगों से पूछताछ; 19 शराबी चालक गिरफ्तार

देहरादून: भारी बरसात के बीच दून पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात वृहद स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस ने रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे 700 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की। इनमें से 27 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई

54 लोगों के पुलिस एक्ट में चालान

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29/30 अगस्त 2026 की रात सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया।

नियमों का उल्लंघन करने वाले 54 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए पुलिस ने 23,500 रुपये का जुर्माना वसूला।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 चालक गिरफ्तार

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई करते हुए उनके संबंधित वाहनों को भी सीज कर दिया गया।

इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और उनसे 44,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वहीं 23 वाहन चालकों के न्यायालय चालान किए गए, जबकि यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन पर 21 वाहनों को सीज किया गया।

अपराधियों पर लगातार जारी रहेगा शिकंजा

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर और देहात क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।