नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद को आगे आईं सोनिया आनंद रावत, निजी राशि से ₹75 हजार की सहायता भेजी
देहरादून: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित लोगों की मदद के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़ी सोनिया आनंद रावत आगे आई हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के राहत एवं सहायता कार्यों के लिए अपनी निजी राशि से ₹75 हजार गोरखाली सुधार सभा को प्रदान किए हैं।


सोनिया आनंद रावत ने कहा कि नेपाल में आई इस विनाशकारी आपदा ने बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित किया है। ऐसे कठिन समय में नेपाल के आपदा पीड़ित भाई-बहनों को केवल संवेदना ही नहीं, बल्कि हरसंभव सहयोग की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों के सामने भोजन, दवा और अन्य आवश्यक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर राहत कार्यों में अपना योगदान देना चाहिए।
सोनिया आनंद रावत ने लोगों से भी अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग भी जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, दवा और राहत सामग्री पहुंचाकर उनके जीवन में उम्मीद जगा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच केवल पड़ोसी देशों का रिश्ता नहीं, बल्कि सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंध हैं। ऐसे संकट के समय दोनों देशों के लोगों का एक-दूसरे के साथ खड़ा होना मानवता और भाईचारे की सच्ची मिसाल है।

