रुद्रपुर-पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों को लेकर धामी सरकार गंभीर, इसी सत्र से पढ़ाई शुरू कराने का दावा
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड में रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर धामी सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि सरकार मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ प्रदेश के छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

हनी पाठक के मुताबिक दोनों राजकीय मेडिकल कॉलेजों से जुड़ी जरूरी औपचारिकताओं, मान्यता और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए राज्य सरकार संबंधित विभागों और केंद्रीय स्तर पर लगातार समन्वय कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और छात्रों के हित सुरक्षित रहें।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष मेडिकल कॉलेजों के मुद्दे पर भ्रम और आशंका का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि मेडिकल कॉलेजों के लिए फैकल्टी, बुनियादी ढांचे और आवश्यक मानकों को पूरा करने पर भी काम कर रही है।
हनी पाठक ने स्पष्ट कहा कि किसी भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू हो और उत्तराखंड के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलें।

उन्होंने कांग्रेस से राजनीति करने के बजाय सरकार के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के मजबूत ढांचे के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है।

