DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में शुरू हुई ‘रात्रि चौपाल’, गांव पहुंचकर समस्याएं सुनेंगे अधिकारी; मौके पर बजट भी मंजूर

सीडीओ अभिनव शाह ने थेवा-मालदेवता में की पहली चौपाल, टूटी नहर-पुलिया से लेकर फसल में रोग और जलभराव तक की समस्याओं पर कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने ‘रात्रि चौपाल’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत अधिकारी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे और स्थानीय समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे। बुधवार को विकासखंड रायपुर की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में पहली रात्रि चौपाल आयोजित की गई।

चौपाल में ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, टूटी पुलिया, जर्जर विद्यालय भवन, धान की फसल में रोग और खरपतवार, जंगली जानवरों से खेती को नुकसान, सड़क निर्माण के कारण जलभराव तथा विद्यालय में पेयजल की समस्या उठाई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को समस्याओं का परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रामीण विद्यालय में पानी की समस्या सामने आने पर मौके पर ही बजट स्वीकृत किया गया।

किसानों की समस्याओं पर कृषि विभाग को निर्देश

मालदेवता निवासी बच्चन सिंह कठैत ने सिंचाई नहर और पुलिया की मरम्मत के साथ धान की फसल में रोग एवं खरपतवार से हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। इस पर सीडीओ ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कृषि विभाग को फसल में रोग और खरपतवार के प्रभाव का परीक्षण कर किसानों को उचित तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया। खरपतवार की पहचान के लिए नमूना पंतनगर भेजने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समस्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

विद्यालय के जर्जर भवन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि भवन निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। धनराशि उपलब्ध होने की प्रक्रिया को गति देने पर भी जोर दिया गया।

जलभराव और पेयजल की समस्या पर कार्रवाई

क्षेत्रवासी मनोज पंवार ने सड़क निर्माण के कारण घर के पास पानी की निकासी बाधित होने और जलभराव की समस्या उठाई। सीडीओ ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को समन्वय बनाकर जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान सरखेत की ओर से विद्यालय में पेयजल की समस्या उठाए जाने पर सीडीओ ने मौके पर ही बजट स्वीकृत किया। वहीं, पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

चौपाल में मालदेवता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का विषय भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र को ए श्रेणी से बी श्रेणी में उच्चीकृत करने का प्रस्ताव भेजा गया है। सीडीओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध रखने और इस संबंध में की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

गांवों में सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की होगी समीक्षा

रात्रि चौपाल से पहले सीडीओ अभिनव शाह ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र, राशन की दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

प्रशासन की इस पहल के तहत सरकारी विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, राशन की दुकानों और जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। चौपाल में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उद्यान विभाग ने किसानों को बीज भी वितरित किए।

इसके अलावा ग्रामीणों को स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई।

रोजगार, ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार पर भी होगा संवाद

जिला प्रशासन के अनुसार, रात्रि चौपाल के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, कृषि, बागवानी, पशुपालन, रोजगार और पलायन जैसे विषयों पर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया जाएगा। होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय व्यवसायों के जरिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से स्थानीय जरूरतों पर फीडबैक लिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य गांवों की वास्तविक समस्याओं को समझकर विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका समाधान करना और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी बनाना है।

रात्रि चौपाल में ब्लॉक प्रमुख रायपुर सरोजिनी, ग्राम प्रधान शैलेंद्र चौहान, निदेशक ग्राम विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।