CRIME NEWSDEHRADUN

डोईवाला में 5 लाख की चोरी का आरोपी चार साल बाद पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, 50 हजार का था इनाम

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और SOG ग्रामीण की संयुक्त कार्रवाई; भाई को पुलिस पहले ही चोरी की रकम के साथ भेज चुकी है जेल

देहरादून। डोईवाला में बैंक से निकाले गए पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में चार साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दून पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रवि ग्वाला लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। कोतवाली डोईवाला और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने सुरागरसी, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे 18 अक्टूबर 2026 को जलपाईगुड़ी जिले के फाटापुकर गांव से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 25 हजार रुपये और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

सब्जी लेने रुका व्यक्ति, रुपयों से भरा बैग हुआ चोरी

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2022 को लाखन सिंह निवासी नव ज्योति विहार, डोईवाला ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर जाते समय वह सब्जी खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनका रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा अपराध संख्या 322/2022, धारा 379 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था।

भाई पहले ही चोरी की रकम के साथ हो चुका था गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मंजीत ग्वाला को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार, उसे चोरी की गई धनराशि के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसके भाई रवि ग्वाला की संलिप्तता भी सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने रवि की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और गिरफ्तारी से बचता रहा।

सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली डोईवाला तथा एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी रखी।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रवि ग्वाला पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम फाटापुकर, थाना राजगंज क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जलपाईगुड़ी स्थित न्यायालय में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर पुलिस उसे देहरादून लेकर आई।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में एसओजी ग्रामीण के प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडेय, उपनिरीक्षक विनोद राणा, कोतवाली डोईवाला के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर, सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल विपिन कुमार, एसओजी के कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल सोनी कुमार शामिल रहे।