आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ ऑडियंस के बीच छा चुकी है.
‘सितारे जमीन पर’ की रिलीज के बाद अब फिल्म के दूसरे दिन का कलेक्शन सामने आ गया है।

आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ अपनी रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों को काफी उत्साह था और बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे थे। अब रिलीज के बाद आमिर की फिल्म की काफी तारीफ भी हो रही है। हालांकि, पहले दिन की कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। अब फिल्म की दूसरे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं। जानते हैं कैसे रहे दूसरे दिन के आंकड़े।
सरे दिन बढ़ी कमाई
‘सितारे जमीन पर’ की दूसरे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं। पहले दिन धीमी शुरुआत के बाद अब दूसरे दिन आमिर की फिल्म ने रफ्तार पकड़ी है। खबर लिखे जाने तक ‘सितारे जमीन पर’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 17.23 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। हालांकि, अभी देर रात के शोज में फिल्म की कमाई और भी बढ़ने की उम्मीद है। फिल्म ने पहले दिन 10.7 करोड़ की कमाई की थी। इसके साथ अब कुल कमाई 27.93 करोड़ हो गई है।
पहले दिन रही थी धीमी शुरुआत
अगर ‘सितारे जमीन पर’ की पहले दिन की कमाई की बात करें, तो आमिर की फिल्म की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। अपने पहले दिन ‘सितारे जमीन पर’ ने बॉक्स ऑफिस सिर्फ 10.7 करोड़ की कमाई की थी। जो कि आमिर की पिछली कई फिल्मों से काफी कम थी। हालांकि, फिल्म को वीकेंड का फायदा मिला और आज शनिवार को फिल्म ने अब तक 17.23 करोड़ की कमाई कर ली है। इसके साथ ही शुरुआती दो दिनों में फिल्म ने 27.93 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है। जिसके रविवार को छुट्टी के दिन और भी बढ़ने की उम्मीद है।


बैक टू बैक फ्लॉप के बाद हिट की तलाश में आमिर
‘सितारे जमीन पर’ से आमिर खान तीन साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। आखिरी बार आमिर 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में नजर आए थे। हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी। वहीं इससे पहले रिलीज हुई आमिर की ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप ही हो गई थी। ऐसे में बैक टू बैक दो फ्लॉप के बाद आमिर को ‘सितारे जमीन पर’ से काफी उम्मीदें हैं।
कुछ साल पहले ‘तारे जमीन पर’ ने भारतीय सिनेमा में ऐसी छाप छोड़ी थी, जिसकी गूंज आज भी सुनाई देती है। यह दिल छू लेने वाली पहल थी, जिसने डिस्लेक्सिया जैसे विषय को मुख्यधारा की फिल्म में उठाकर उस पर बहस शुरू की थी।
अब ‘सितारे जमीन पर’ के जरिए आमिर खान एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। इस बार उन्होंने एक और अधिक जटिल विषय- डाउन सिंड्रोम और न्यूरो डाइवर्जेंस की ओर ध्यान खींचा है। इन्हें अक्सर गलत समझ लिया जाता है।
लेकिन जो बात इस फिल्म को अलग बनाती है, वह है इसकी टोन। कोई भावुकता नहीं, कोई भाषणबाजी नहीं। इसके बजाय निर्देशक आर. एस. प्रसन्ना और लेखक दिव्य शर्मा के साथ मिलकर आमिर ने एक ऐसी दुनिया रची है, जिसमें हास्य है, पीड़ा है, गर्मजोशी है और सबसे बढ़कर सच्चाई है।
मुझे जो बात सबसे अधिक प्रभावित करती है, वह है आमिर का एक्टर से स्टोरीटेलर बनने का सफर। ‘तारे जमीन पर’ के आदर्शवादी टीचर से लेकर ‘सितारे जमीन पर’ के खामियों से भरे, अहंकारी कोच तक- आप साफ देख सकते हैं कि वह लगातार सीख रहे हैं, चुनौतियां ले रहे हैं। उनकी पसंद और भी साहसी हो गई है। उनके किरदार और भी संवेदनशील। उनकी स्टोरीटेलिंग पहले से कहीं ज्यादा ईमानदार महसूस होती है।
कहानी गुलशन नाम के एक आत्ममुग्ध बास्केटबॉल कोच की है, जिसे नशे में गाड़ी चलाने के अपराध में कोर्ट समाज सेवा की सजा सुनाती है। उसे न्यूरो डाइवर्जेंट लोगों की एक टीम को कोचिंग देनी होती है।
शुरुआत में यह सिर्फ एक सजा लगती है, लेकिन यह धीरे-धीरे उसकी सोच, भाव और जीवन बदल देती है। उसकी असहजता, अनिच्छा और फिर स्वीकृति, सब एक ऐसी भावनात्मक सच्चाई को सामने लाते हैं, जो हमें भी खुद का आईना लगता है क्योंकि हमारे भीतर भी किसी न किसी रूप में ‘गुलशन’ है- जो बातें हमें समझ नहीं आतीं, उन्हें हम स्वीकारने से डरते हैं। आमिर ने गुलशन के किरदार के अहंकार और आत्मबोध को संतुलित तरीके से निभाया है।
उनकी पत्नी के किरदार में जेनेलिया डिसूजा फिल्म में एक रोशनी जैसी हैं- उनका प्रेम, अपनापन गुलशन के जीवन को एक इमोशनल टच देता है, लेकिन असली सितारे हैं वो दस न्यूरो डाइवर्जेंट अभिनेता। इनकी एक्टिंग सच्ची, दिल छू लेने वाली है। उन सभी कलाकारों के लिए स्टैंडिंग ओवेशन।
निर्देशक आरएस प्रसन्ना तारीफ के हकदार हैं, जिन्होंने पूरी टीम से संवेदनशील अभिनय निकलवाया। कुछ लोग इसे ‘तारे जमीन पर’ का स्पिरिचुअल सीक्वल कह रहे हैं, लेकिन मेरे लिए ‘सितारे जमीन पर’ अपने आप में पूरी तरह अलग और खास फिल्म है।
आरएस प्रसन्ना ने किया फिल्म का निर्देशन
‘सितारे जमीन पर’ 2007 में आई आमिर खान की ही फिल्म ‘तारे जमीन पर’ की अगली कड़ी बताई जा रही है। हालांकि, फिल्म की कहानी पूरी तरह से अलग है। इस फिल्म में आमिर के साथ दस नए कलाकार भी नजर आ रहे हैं। जो सभी एक स्पेशल चाइल्ड हैं। इसलिए फिल्म को काफी खास माना जा रहा है। आर एस प्रसन्ना द्वारा निर्देशित इस फिल्म में आमिर के साथ जेनेलिया डिसूजा भी प्रमुख भूमिका में नजर आ रही हैं।
