कैमरों और विज्ञापनों की सरकार चला रहे हैं पुष्कर सिंह धामी : विकास नेगी

आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी की एक तस्वीर सामने आई जिसमें वे खेत में बैल की जोड़ी के पीछे हल जोतते हुए नजर आ रहे हैं। फोटो में ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वे किसानों का दर्द और संघर्ष समझ रहे हों।
उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया प्रदेश अध्यक्ष श्री विकास नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश में भाजपा सरकार केवल कैमरों, विज्ञापनों और इवेंट मैनेजमेंट के भरोसे चल रही है। जनता से जुड़े मुद्दों पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई दे रही है, बल्कि मुख्यमंत्री महोदय अपनी छवि चमकाने के लिए मीडिया और कैमरों का भरपूर उपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी किसानों के बीच जाकर ज़मीन की सच्चाई से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं पुष्कर सिंह धामी केवल फ़ोटोशूट और प्रचार की राजनीति में लगे हैं। खेतों में जाने का दिखावा कर, कुछ देर के लिए कैमरों के सामने खड़े हो जाना, असल समस्याओं का समाधान नहीं है।
श्री नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास की बजाय ब्रांडिंग पर ध्यान दिया है। विज्ञापनों में करोड़ों खर्च किए जा रहे हैं, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोज़गारी और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से जूझ रही है।
कांग्रेस पार्टी इस खोखली राजनीति का विरोध करती है और ज़मीन से जुड़ी राजनीति में विश्वास रखती है। जनता को अब यह भली-भांति समझ आ गया है कि कौन केवल दिखावे में विश्वास करता है और कौन असली मुद्दों पर काम करना चाहता है।

लेकिन सवाल यह है – क्या किसानों की असली जरूरत सिर्फ फोटो खिंचवाना है ?
आज के आधुनिक युग में, जब हर किसान चाहता है कि उसके पास ट्रैक्टर हो, ताकि उसकी मेहनत कम हो, फसल जल्दी और ज्यादा उगे, तब भी मुख्यमंत्री जी बैलों पर सवारी कर महज ‘दिखावा’ कर रहे हैं।

बेज़ुबान बैल, जिनकी पूरी उम्र खेत जोतने में ही गुजर जाती है, उनके ऊपर अपना बोझ डाल कर फोटो खिंचवाना किसानों की समस्या का समाधान नहीं है।
किसानों को चाहिए –
ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों पर सब्सिडी
सस्ती डीजल-पेट्रोल दरें
सस्ती बिजली और पानी की गारंटी
न्यूनतम समर्थन मूल्य की सुरक्षा
लेकिन अफसोस की बात है कि मुख्यमंत्री जी और भाजपा के लिए किसानों का संघर्ष सिर्फ फोटो खिंचवाने और प्रचार का माध्यम बन कर रह गया है।
आज जरूरत है ऐसी नीतियों की, जिससे हर किसान के खेत तक ट्रैक्टर पहुंचे, उनकी मेहनत आधी हो, फसल दोगुनी हो और ये बेज़ुबान जानवर भी चैन से जी सकें।
जनता सब देख रही है और अब भाजपा की असलियत पहचान चुकी है।

