DEHRADUNDoon Medical College

दून अस्पताल के पीजी हॉस्टल में चल रही थी देर रात शराब पार्टी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराई बंद, दी चेतावनी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के एमकेपी रोड स्थित हॉस्टल में पीजी छात्र- छात्राओं द्वारा रात को हुड़दंग मचाने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें मेडिकल की पढ़ाई कर रहे कुछ छात्र अर्धनग्न होकर छात्राओं के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. सवाल उठ रहे है कि क्या कॉलेज प्रशासन ने इन पर कोई कार्रवाई की? अगर एमबीबीएस पीजी कोर्स कर रहे छात्र इस तरह का व्यवहार करेंगे तो समाज में क्या संदेश जाएगा?

इस मामले को लेकर जब मीडिया ने दून मेडिकल मेडिकल कॉलेज प्रशासन से डॉ. गीता जैन, प्रिंसिपल, मेडिकल कॉलेज और डॉ. एनएस बिष्ट, डिप्टी मेडिकल सुपरिडेंट, दून अस्पताल से फोन करके जानकारी लेने की कोशिश की गई तो अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया. इसके बाद हॉस्टल के वार्डन डॉ. सुशील ओझा को भी फोन करके संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे भी संपर्क नहीं हो पाया.

दरअसल वायरल वीडियो शनिवार 11 अक्टूबर रात का बताया जा रहा है. जहां दून अस्पताल के पुरानी इमारत के पास स्थित पीजी हॉस्टल में देर रात पार्टी चल रही थी. पार्टी में शामिल दून मेडिकल कॉलेज के पीजी स्टूडेंट्स अर्धनग्न होकर डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

इस बारे में पुलिस से जब जानकारी ली गई तो कोतवाली नगर प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया कि रात को हॉस्टल में डीजे बजने की सूचना पुलिस को मिली. इसके बाद चीता पुलिस को हॉस्टल भेजा गया. उनके समझाने के बावजूद छात्र-छात्राएं नहीं मानें. तब कोतवाली से पुलिस को हॉस्टल भेजा गया. जहां कुछ छात्र छात्राएं हॉस्टल में स्पीकर लगाकर तेज आवाज में डांस कर रहे थे. कुछ छात्र हल्के नशे में भी पाए गए. पुलिस ने डीजे रुकवाकर छात्र-छात्राओं को ऐसा न करने की चेतावनी दी.

प्रदीप पंत ने बताया कि रविवार सुबह छात्र-छात्राओं और सीनियर डॉक्टर को कोतवाली बुलाकर ब्रीफ किया गया. कोतवाली में छात्र-छात्राओं को दोबारा ऐसा नहीं करने की वार्निंग दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *