वीकेंड पर पहाड़ों की रानी जाने का सपना टूटा, मसूरी में लग रहे जाम से लोग परेशान
मसूरी-देहरादून मार्ग की जर्जर हालत से पर्यटन पर संकट मंडराने लगा है. वीकेंड पर रविवार को यहां लंबा जाम लग गया. जाम लगने से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी नहीं पहुंच पाए. इससे होटलों की बुकिंग रद्द करनी पड़ी. पर्यटकों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा. आर्थिक नुकसान होने पर होटल एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है.

पर्यटकों को जाम ने किया परेशान: आपदा के बाद अब तक मसूरी-देहरादून मार्ग और अन्य संपर्क सड़कों की मरम्मत कार्य में सुस्ती से पर्यटन व्यवसाय पर बुरा असर पड़ने लगा है. मसूरी-देहरादून मार्ग पर जगह-जगह चल रहे मरम्मत कार्य और गड्ढों से भरे रास्तों के कारण घंटों लंबा जाम लगा रहा. रविवार को स्थिति यह रही कि कई पर्यटक मसूरी पहुंच ही नहीं पाए, जबकि जो मसूरी से वापसी पर थे, वे अपने गंतव्य तक तय समय पर नहीं पहुंच सके.
मसूरी नहीं पहुंच पाए कई पर्यटक: मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि-
रविवार को जाम की स्थिति इतनी भयावह रही कि कई होटलों की बुकिंग रद्द करनी पड़ी. कुछ होटल संचालकों को तो पहले से की गई बुकिंग के पैसे तक वापस करने पड़े. यह स्थिति बेहद चिंताजनक है, क्योंकि लंबे वीकेंड और दीवाली के बाद अब क्रिसमस, नया साल और विंटर लाइन कार्निवल जैसे बड़े आयोजन होने वाले हैं. यदि सड़कें इसी तरह खस्ताहाल रहीं, तो पर्यटन पर विपरीत असर पड़ना तय है. संजय अग्रवाल ने कहा कि होटल व्यवसाय पहले से ही आपदा और ऑफ-सीजन की मार झेल रहा है. ऐसे में सड़कों की बदहाल स्थिति ने पर्यटकों का मनोबल तोड़ दिया है. रविवार को कई पर्यटक जाम में फंसकर वापस लौट गए. जो पहुंचे भी, उन्होंने शिकायत की कि सफर थकाऊ और परेशान करने वाला था.
-संजय अग्रवाल, अध्यक्ष, मसूरी होटल एसोसिएशन-
होटल एसोसिएशन ने की ये मांग: होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि-
मसूरी-देहरादून मार्ग के साथ-साथ किमाड़ी मार्ग और कोल्हूखेत-झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग को भी तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए. साथ ही, वैली ब्रिज के समीप एक और पुल (ब्रिज) निर्माण की भी आवश्यकता बताई गई है, जिससे दोनों दिशाओं में यातायात सुचारू रूप से चल सके.
![]()
जाम से निजात के लिए स्थाई समाधान की मांग: एसोसिएशन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 24 घंटे के भीतर अस्थायी वैली ब्रिज बनाकर यातायात बहाल कराना सराहनीय कदम था, लेकिन अब स्थायी समाधान की आवश्यकता है. यदि आने वाले कुछ हफ्तों में सड़कें ठीक नहीं हुईं, तो क्रिसमस और न्यू ईयर सीजन में मसूरी का पर्यटन कारोबार बड़ा नुकसान झेल सकता है. होटल एसोसिएशन ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को भी मसूरी देहरादून मार्ग न बनने से हो रही समस्या को लेकर ज्ञापन दिया. उनसे पूरे मामले में हस्तक्षेप कर मसूरी देहरादून मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द से जल्द ठीक करवाने का आग्रह किया.

