सुशासन में उत्कृष्टता के लिए बंशीधर तिवारी को राष्ट्रीय सम्मान
सुशासन में उत्कृष्टता के लिए बंशीधर तिवारी को राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस में किया सम्मानित

देहरादून।
47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस उत्तराखंड के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर बनकर सामने आई। इस राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपर सचिव एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को सुशासन में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया।
यह सम्मान उन्हें प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शी शासन व्यवस्था तथा प्रभावी जनसंचार के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंशीधर तिवारी ने जनसूचना एवं संचार के माध्यम से शासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी स्थापित की है, जो सुशासन की आधारशिला है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से बंशीधर तिवारी ने सरकारी नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक सरल, स्पष्ट और प्रभावी ढंग से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के बेहतर उपयोग, नवाचारपूर्ण संचार रणनीतियों और संवेदनशील दृष्टिकोण के जरिए उन्होंने शासन की पारदर्शिता और जवाबदेही को सशक्त किया है।
गौरतलब है कि 13 से 15 दिसंबर तक देहरादून में आयोजित 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस में देशभर से जनसंपर्क, मीडिया एवं कम्युनिकेशन क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा आयोजित यह सम्मेलन “विकसित भारत @2047: विकास भी, विरासत भी” विषय पर केंद्रित है।
सम्मेलन के दौरान सुशासन, पारदर्शिता, डिजिटल कम्युनिकेशन और राष्ट्र निर्माण में जनसंपर्क की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया जा रहा है। यह आयोजन उत्तराखंड को राष्ट्रीय संवाद और नीति विमर्श के एक प्रभावशाली केंद्र के रूप में स्थापित कर रहा है।

