BJP UTTRAKHAND

“भाजपा का स्पष्ट संदेश: महिला सम्मान, कानून व्यवस्था और देवभूमि की पहचान से कोई समझौता नहीं”

महिलाओं पर अनर्गल बयान देने वाले से भाजपा का कोई संबंध नहीं: मनवीर सिंह चौहान

अंकिता मामले में सीबीआई जांच की मांग से सजायाफ्ताओं को कानूनी मदद की आशंका

त्रिपुरा के छात्र की हत्या को नस्लीय रंग देकर राज्य की छवि खराब कर रही कांग्रेस: भाजपा

देहरादून, 03 जनवरी — भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने वाले कथित नेता का भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो वह भाजपा संगठन में किसी पद पर है और न ही पार्टी से उसका कोई वास्ता है। भाजपा महिलाओं के सम्मान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इस प्रकार की असंयमित टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा करती है।

मीडिया के सवालों के जवाब में चौहान ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में कांग्रेस न केवल दुष्प्रचार को हवा दे रही है, बल्कि आरोपियों को संरक्षण देने का भी प्रयास कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि सीबीआई जांच की मांग के पीछे सजायाफ्ता लोगों को कानूनी राहत दिलाने की मंशा छिपी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना किसी ठोस सबूत के वीआईपी के नाम उछालकर दिवंगत बेटी की गरिमा को ठेस पहुंचा रही है।

मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी आज सीबीआई जांच की मांग कर रही है, वही पार्टी पूर्व में इस संवैधानिक जांच एजेंसी की निष्पक्षता पर सवाल उठाती रही है। कांग्रेस के ही नेताओं द्वारा सीबीआई पर सरकार के दबाव में काम करने और राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई करने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। ऐसे में अब सीबीआई जांच की मांग करना संदेह पैदा करता है।

उन्होंने कहा कि सेलाकुई में त्रिपुरा के छात्र की हत्या को कांग्रेस द्वारा नस्लीय हिंसा का रूप देने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। जांच एजेंसियों की पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा और उत्तराखंड सरकारें आपसी संपर्क में हैं और राज्य में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

चौहान ने कहा कि भाजपा राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी। लोकतंत्र में विरोध स्वाभाविक है, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को भटकाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परिवार रजिस्टरों की जांच प्रदेश की डेमोग्राफिक पहचान बनाए रखने में अहम: भाजपा

परिवार रजिस्टर जांच स्वागतयोग्य, कोई घुसपैठिया देवभूमि परिवार का हिस्सा नहीं रहेगा: महेंद्र भट्ट

भारतीय जनता पार्टी ने परिवार रजिस्टर अभिलेखों की जांच के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश की डेमोग्राफी, पहचान और सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार रजिस्टरों में छेड़छाड़ कर अवैध रूप से राज्य का निवासी बनने की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने वर्ष 2003 को आधार वर्ष मानकर जांच का निर्णय लिया है, जिससे अब किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले बच नहीं पाएंगे।

भट्ट ने कहा कि इस निर्णय से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की डेमोग्राफिक संरचना और पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वोट बैंक की राजनीति के तहत बाहरी लोगों को राज्य में बसाने की साजिशों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा साफ है कि अवैध तरीके से परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने वालों की पहचान कर नाम हटाए जाएंगे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भाजपा संगठन और सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के संसाधनों, योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राथमिकता से स्थानीय निवासियों को मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *