प्रशासन गांव की ओर: सुआखोली में बहुउद्देशीय शिविर, 611 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
प्रशासन गांव की ओर: सुआखोली में बहुउद्देशीय शिविर, 611 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
देहरादून, 16 जनवरी 2026।
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत रायपुर ब्लॉक की दूरस्थ न्याय पंचायत सुआखोली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने की। शिविर में कुल 33 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा पांच लाभार्थियों को किशोरी किट दी गई। कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत अनुदान पर दो पावर वीडर वितरित किए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने आशा कार्यकर्ताओं को जैकेट प्रदान की।
शिविर में त्वरित सेवाएं प्रदान करते हुए 5 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 7 आयुष्मान कार्ड और 55 आधार कार्ड का अद्यतन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा वयोश्री योजना के अंतर्गत 52 वरिष्ठ नागरिकों को 206 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। साथ ही दो लाभार्थियों की वृद्धावस्था पेंशन भी मौके पर ही स्वीकृत की गई।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनता का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान को जनसरोकारों से जुड़ा बताया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पार्किंग, बैंक शाखा व एटीएम, सड़क, पेयजल और विद्युत से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर में कुल 611 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
