Drugs Free Devbhoomi

छात्रों के बीच पहुँची दून पुलिस, चलाई जागरूकता की पाठशाला

देहरादून | 22 जनवरी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस द्वारा जनपद में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आम जनमानस, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज साइबर क्राइम सेल देहरादून द्वारा पटेलनगर क्षेत्र स्थित एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अध्यापकगण तथा सीआरपीएफ/पुलिस विभाग के प्रशिक्षणरत रिक्रूटों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर उन्हें अपराध की ओर धकेल सकती है। सभी छात्रों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए उन्हें नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।

साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करना एवं सोशल मीडिया पर निजी जानकारी देना गंभीर साइबर अपराध का कारण बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान सकारात्मक सोच अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने नशा-मुक्त और साइबर-सुरक्षित समाज बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *