श्री सत्य साईं सेवा संगठन की पहल से ब्रह्मखाल में शिक्षा और कौशल विकास को मिला नया आयाम
देहरादून/ब्रह्मखाल (उत्तरकाशी)।
उत्तरकाशी जनपद के सुदूर पर्वतीय क्षेत्र ब्रह्मखाल में शिक्षा और कौशल विकास को सशक्त बनाने की दिशा में श्री सत्य साईं सेवा संगठन ने एक सराहनीय पहल की है। संगठन द्वारा ब्रह्मखाल स्थित ज्ञानदीप विद्यालय को कंप्यूटर, प्रिंटर, प्लंबिंग से संबंधित सामग्री सहित विभिन्न कौशल विकास उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

इस सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त हो सकेगा, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्री सत्य साईं सेवा संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप ने कहा कि संगठन का उद्देश्य बाल विकास के माध्यम से समाज को संस्कारवान, सक्षम और आत्मनिर्भर नागरिक प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा बाल विकास, निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मानवीय मूल्य शिक्षा (SSEHV), चरित्र निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, सेवा कार्य और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कैप्टन स्वरूप ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित मार्गदर्शन और अवसर देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ज्ञानदीप विद्यालय को शैक्षणिक, तकनीकी एवं कौशल विकास से संबंधित सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा।
विद्यालय प्रबंधक सुरेश रमोला ने श्री सत्य साईं सेवा संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुख कौशल प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण से छात्रों के लिए उच्च शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संजय डोभाल ने संगठन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संगठनों की भागीदारी से ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में हरीश रमोला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही श्री सत्य साईं सेवा संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप, राज्य सेवा संयोजक नीरज कुमार थापा, अमित गुलरिया एवं राज्य मीडिया संयोजक नवीन जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा और समग्र विकास की कामना के साथ किया गया।
