ऋषिकेश में महिला की हत्या का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार
ऋषिकेश में महिला की हत्या का दून पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार
ऋषिकेश।
ऋषिकेश क्षेत्र में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए घटना में शामिल अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का मृतका से बीते चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त ने मृतका से विवाह करने के लिए अपनी पत्नी को तलाक तक दे दिया था, लेकिन मृतका द्वारा शादी से इंकार किए जाने और अभियुक्त के अपने परिवार से दूर हो जाने के कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
घटना का विवरण
कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में दिनांक 01 फरवरी 2026 को वादी श्री बच्चन सिंह रावत, निवासी ग्राम धारी, यमकेश्वर पट्टी, पौड़ी गढ़वाल ने थाना ऋषिकेश में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी पुत्री प्रीति रावत को अभियुक्त सुरेश गुप्ता काफी समय से जबरन शादी करने के लिए धमका और परेशान कर रहा था।
वादी के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात्रि को अभियुक्त ने उनकी पुत्री द्वारा शादी से इंकार करने पर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना ऋषिकेश में मु0अ0सं0–49/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
एसएसपी ने स्वयं संभाली कमान
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी लेते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस की कई टीमें गठित की गईं, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की।
प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने 02 फरवरी 2026 को अभियुक्त सुरेश गुप्ता को छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उसकी मुलाकात प्रीति रावत से हुई थी। उस समय मृतका उसके ससुराल की दुकान पर काम के सिलसिले में आई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
अभियुक्त ने बताया कि वह मृतका से शादी करना चाहता था, जिसके लिए करीब चार माह पूर्व उसने अपनी पत्नी को आपसी सहमति से तलाक दे दिया। अभियुक्त ने मृतका पर अपनी जमा पूंजी खर्च की और लक्सर स्थित अपनी पैतृक जमीन बेचकर ऋषिकेश में मकान लेने की तैयारी कर रहा था।
हालांकि, कुछ समय से मृतका का व्यवहार बदल गया था और वह शादी से इंकार करने लगी थी। इस कारण अभियुक्त मानसिक तनाव में रहने लगा और उसने हत्या की योजना बना ली। घटना की रात जब मृतका ने फिर से शादी से मना किया, तो अभियुक्त ने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: सुरेश गुप्ता
पिता का नाम: स्व. लालामल गुप्ता
उम्र: 40 वर्ष
हाल निवासी: आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश
मूल निवासी: ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार
