देहरादून में युवती की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से हमला करने वाला युवक गिरफ्तार
देहरादून।
कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत दूल्हा बाजार के पास गली में एक युवक द्वारा युवती पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया
घटना का विवरण
आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र के दूल्हा बाजार के समीप एक गली में एक युवक ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तत्काल उपचार हेतु दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव, निवासी गोविन्दगढ़ के रूप में हुई है। गुंजन दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में कार्यरत थी और आज प्रातः काम पर पहुंची थी। बताया गया कि वह अपने जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी कर गली से दुकान की ओर जा रही थी, तभी युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
त्वरित पुलिस कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले युवक आकाश को कोतवाली नगर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई पूरी कहानी
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह भी दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में कार्य करता है। अभियुक्त और मृतका के बीच बीते तीन वर्षों से मेल-जोल था तथा अभियुक्त का मृतका के घर पर भी आना-जाना था।
जब इस बात की जानकारी मृतका के परिजनों को हुई तो उन्होंने आपत्ति जताते हुए अभियुक्त के परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद अभियुक्त के घर पर भी पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। पूर्व में दोनों पक्षों द्वारा आपसी सहमति से एक-दूसरे से कोई संबंध न रखने को लेकर चौकी खुड़बुड़ा पर एक समझौता पत्र भी दिया गया था।
इसके बावजूद, दो दिन पूर्व मृतका द्वारा अभियुक्त को समझाने के लिए चौकी खुड़बुड़ा पर एक प्रार्थना पत्र दिया गया था। इस पर पुलिस अभियुक्त की तलाश में उसके घर और कार्यस्थल पर लगातार जा रही थी। पुलिस द्वारा तलाश की जानकारी मिलने पर अभियुक्त ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और घर से फरार हो गया।
लगातार पारिवारिक तनाव, पुलिस द्वारा तलाश किए जाने और मृतका द्वारा बातचीत बंद कर देने के कारण अभियुक्त ने आवेश में आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: आकाश
पिता का नाम: कोमलराम
उम्र: 27 वर्ष
पता: 46, मन्नूगंज, खुड़बूड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून
