CM UTTRAKHANDDEHRADUNUttrakhand

दक्षिण महानगर देहरादून में 33 स्थानों पर विराट हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न संगठन और समरसता से ही सामाजिक चुनौतियों का समाधान : डॉ. शैलेंद्र

दक्षिण महानगर देहरादून में 33 स्थानों पर विराट हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न
संगठन और समरसता से ही सामाजिक चुनौतियों का समाधान : डॉ. शैलेंद्र

देहरादून।
हिन्दू समाज की एकता, सामाजिक समरसता एवं सनातन सांस्कृतिक चेतना के जागरण के उद्देश्य से रविवार, 8 फरवरी 2026 को दक्षिण महानगर, देहरादून के अंतर्गत कुल 33 स्थानों पर विराट हिन्दू सम्मेलन एवं हिन्दू सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में नगरवासियों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली।


रायपुर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र जी ने कहा कि पूर्व में हिन्दू समाज के साथ हुए अन्याय और वर्तमान समय की सामाजिक-सांस्कृतिक चुनौतियों का समाधान संगठन और समरसता के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने सभी प्रकार के भेदभाव भुलाकर समाज को एकजुट करने तथा भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

वार्ड-11 में आयोजित सम्मेलन में संघ के प्रांत कार्यवाह श्री दिनेश सेमवाल जी ने कहा कि डॉक्टर हेडगेवार जी ने सम्पूर्ण हिन्दू समाज को एक सूत्र में पिरोने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। उन्होंने पंच परिवर्तन—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण—को समाज जीवन में आत्मसात करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को महामंडलेश्वर ललितानन्द गिरि जी, संतशिरोमणि राम विशालदास जी महाराज, कथाव्यास शिव प्रसाद ममगाई जी एवं राष्ट्रीय ओजस्वी कवि श्रीकांत शर्मा ‘श्री’ ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने राष्ट्र आराधना, सामाजिक जागरूकता एवं नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। कविता पाठ के माध्यम से राष्ट्रभाव जागृत किया गया।

सम्मेलनों के दौरान राम स्तुति, महिषासुर मर्दिनी एवं महाभारत कथा पर आधारित कथक नृत्य-नाटिकाओं का मंचन किया गया। साथ ही समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत समाजबंधुओं को ‘सनातन वीर’ के रूप में सम्मानित किया गया।

दक्षिण महानगर के अंतर्गत रायपुर, रावत फार्म (वार्ड-96 नवादा-बद्रीपुर), शिवनगर एमडीडीए, डिफेंस कॉलोनी (वार्ड-58), झिवरेड़ी न्यू एरा एकेडमी, ब्रह्मपुरी छठ पार्क, पूर्वी पटेल नगर भंडारी बाग पार्क, देहरा खास सूरकंडा माता मंदिर, भवानी बालिका स्कूल सहित विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में सम्मेलन, हवन-यज्ञ, कलश यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आयोजकों के अनुसार, इन 33 आयोजनों के माध्यम से हिन्दू समाज में संगठन, समरसता एवं राष्ट्रबोध को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *