जिला प्रशासन का जनता दर्शन,न्याय से समाधान और सख़्त एक्शन
जिला प्रशासन का जनता दर्शन: न्याय से समाधान और सख़्त एक्शन तक
नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास, डीएम ने दिए यथास्थिति के निर्देश
भूतपूर्व सैनिक को दिलाया भूमि कब्जा, निराधार मुकदमा हटवाया
195 फरियादियों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के आदेश
देहरादून | 09 फरवरी 2026 | Bharat-Kesari.com

माननीय मुख्यमंत्री के संकल्प से प्रेरित जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में जनता दर्शन / जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, नगर निगम एवं एडीए से संबंधित कुल 195 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्ग की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला
अम्बीवाला निवासी नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने शिकायत की कि उनकी माता कलावती के नाम दर्ज भूमि पर, न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद पड़ोसी द्वारा अवैध रूप से पेड़ों की कटान की जा रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को न्यायालय के अग्रिम आदेश तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
भूतपूर्व सैनिक को मिला न्याय
कोटरा संतूर निवासी भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2016 में खरीदी गई भूमि पर मूल खातेदार द्वारा अवैध कब्जा कर भ्रामक तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
रिपोर्ट में आरोप निराधार पाए जाने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम विकासनगर को तत्काल भूमि कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग महिला को बेटे-बहू से जान का खतरा
डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने अपने पुत्र व पुत्रवधू से जान-माल का खतरा बताते हुए शिकायत की। मामला तहसील स्तर पर लंबित होने पर जिलाधिकारी ने फास्ट ट्रैक सुनवाई हेतु प्रकरण जिला कार्यालय मंगवाया।
बीमार विधवा को चिकित्सा प्रतिपूर्ति नहीं मिलने का मामला
जौलीग्रांट निवासी बुजुर्ग विधवा लक्ष्मी तोमर ने बताया कि उनके दिवंगत पति शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थे। इलाज के दौरान जमा ₹1.37 लाख के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल का भुगतान नहीं हुआ।
जिलाधिकारी ने शिक्षा अधिकारी से तत्काल स्पष्ट आख्या तलब की।
सिंचाई नहर पर कब्जा, किसानों की समस्या
एटनबाग क्षेत्र के काश्तकारों ने सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण से खेती प्रभावित होने की शिकायत की। इस पर अधिशासी अभियंता को दो दिवस में समाधान के निर्देश दिए गए।
ठगी और पारिवारिक उत्पीड़न पर सख़्ती
डालनवाला क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर द्वारा ₹8 लाख की ठगी के मामले में क्षेत्राधिकारी पुलिस को त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग छज्जू राम की शिकायत पर भी पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अन्य प्रमुख मामले
हरिपुर कलां निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग की भूमि व सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत
कारगी चौक, कुंज विहार निवासी ममता नौटियाल की सीवर लाइन से जुड़ी समस्या
डोईवाला निवासी दीपा को निःशुल्क विधिक सहायता हेतु मामला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा गया
जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) के.के. मिश्रा, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
