भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने दून अर्बन कॉपरेटिव बैंक घोटाले की सीबीआई जांच की मांग उठाई
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने दून अर्बन कॉपरेटिव बैंक घोटाले की सीबीआई जांच की मांग उठाई

देहरादून। उत्तराखंड के सहकारिता विभाग में पंजीकृत दून अर्बन कॉपरेटिव बैंक में हुए कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य सरकार से तत्काल सीबीआई जांच की संस्तुति करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक में लंबे समय से चल रहे घोटाले में भाजपा सरकार के मंत्रियों और नेताओं के करीबी रिश्तेदारों की संलिप्तता है। धस्माना के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों को बैंक द्वारा बिना पर्याप्त गारंटी और कथित रूप से गलत पते पर भारी रकम ऋण के रूप में स्वीकृत की गई, जिसे अब तक वापस नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इन खातों को लंबे समय से एनपीए घोषित किया जा चुका है।

धस्माना ने कहा कि बैंक में अनियमितताओं की जानकारी बैंक प्रबंधन, शासन-प्रशासन, सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को होने के बावजूद अब तक न तो इसकी सार्वजनिक घोषणा की गई और न ही दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी कहा कि आरबीआई की जांच पूरी होने के बाद भी कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है, जिससे पूरे प्रकरण पर संदेह गहराता है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए, साथ ही दोषियों के खिलाफ गबन, गलत तथ्य प्रस्तुत कर ऋण लेने और धन हड़पने के आरोप में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। धस्माना ने कहा कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो हजारों खाताधारकों की मेहनत की कमाई डूब सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनहित में संघर्ष जारी रखेगी और जरूरत पड़ी तो सड़क से सदन तक आवाज उठाई जाएगी।
