DEHRADUNUttrakhand

देहरादून में गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 का भव्य आगाज, हरीश रावत ने किया शुभारंभ

देहरादून में गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 का भव्य आगाज, हरीश रावत ने किया शुभारंभ

देहरादून। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मैदान में तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के पहले चैप्टर 2026 का भव्य शुभारंभ आज पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने हिमालयी राज्यों में गोरखा समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी विविधता, लोकसंस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में गोरखा हिमालयन समिति के संस्थापक आचार्य डॉ. सुशांत महाराज, अध्यक्ष कमला थापा, संरक्षक गोदावरी थापली और सलाहकार राजन शाही उपस्थित रहे। मंच संचालन ज्योति कोटिया एवं प्रभा शाह ने किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी तथा संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री नूतन बिष्ट भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

अपने संबोधन में हरीश रावत ने कहा कि हिमालयी राज्यों में कला और संस्कृति का जो अनूठा संगम देखने को मिलता है, वह देश की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करता है। उन्होंने देहरादून एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में फेस्टिवल में भाग लेने का आह्वान किया।

तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान पारंपरिक लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन स्टॉल एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह आयोजन हिमालयी और गोरखा समुदाय की समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करेगा।

गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 उत्तराखंड की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का उत्सव है, जिसमें प्रदेशवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता अपेक्षित है।